Bageshwar : बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र पौंसरी पहुंचकर ग्रामीणों से भेंट की और उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावितों को हर संभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी मजबूती से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। इसके बाद उन्होंने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैसानी में आपदा प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी बागेश्वर आशीष भटगांई से राहत कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि 29 अगस्त को अतिवृष्टि से पौंसरी के खाईजर तोक में पांच मकान मलबे में दब गए। वहां रहने वाले छह व्यक्तियों में से पांच मलबे में दब गए और एक व्यक्ति सुरक्षित मिल गया। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष दो की खोज के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर टीम, ड्रोन, डॉग स्क्वाड और विक्टिम लोकेटिंग कैमरे की मदद से अभियान जारी है। प्रभावित परिवारों को राहत राशि वितरित की जा चुकी है और आवश्यक सेवाएं बहाल कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में नुकसान का आकलन कर पुनर्वास कार्य को गति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त पिटकुल के 132 केवी सब स्टेशन की मरम्मत के लिए 52 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इस अवसर पर विधायक सुरेश गढ़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्ना, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, अनिल सिंह रावत, ललित मोहन तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। |