अब केवल मेरिट ही बनेगी सरकारी नौकरी का आधार: सीएम धामी
Go Back |
Yugvarta
, Jul 12, 2025 09:54 PM 0 Comments
0 times
0
times
Dehradun :
देहरादून, 12 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में हिमालयन हेरिटेज सोसाइटी द्वारा आयोजित ‘भगवती सुरकंडा मां दिव्य जागर विमोचन समारोह’ में शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सुप्रसिद्ध जागर गायक पद्मश्री प्रीतम भरतवाण द्वारा मां सुरकंडा देवी पर गाए गए जागर का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी जागर परंपरा केवल संगीत नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव है। इसमें प्रत्येक शब्द, ताल और थाप में देवत्व समाहित होता है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जागरों के माध्यम से प्रकृति, नदियों, पर्वतों और देवशक्तियों से संवाद स्थापित किया। ये परंपरा वेदों जितनी ही गूढ़ और शक्तिशाली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मां सुरकंडा देवी हमारी लोक आस्था और संस्कृति की प्रतीक हैं।” पद्मश्री प्रीतम भरतवाण द्वारा सुरकंडा देवी की महिमा को चलचित्र और संगीत के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने का कार्य अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा, “अब उत्तराखंड में सरकारी सेवाओं में चयन का आधार केवल मेरिट, प्रतिभा और योग्यता है।” उन्होंने कहा कि युवाओं को पूर्ण विश्वास और लगन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करनी चाहिए, सरकार की चयन प्रक्रिया पारदर्शी और विश्वसनीय है।
सीएम धामी ने ऑपरेशन कालनेमि की चर्चा करते हुए कहा कि अभी तक 60 से अधिक छद्म वेषधारी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और पवित्र सावन मास व चारधाम यात्रा के दौरान यह अभियान और सख्ती से जारी रहेगा। उन्होंने दोहराया कि देवभूमि के देवत्व को अक्षुण्ण रखने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लव जिहाद, लैंड जिहाद और थूक जिहाद जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही, सरकार द्वारा लागू किए गए कड़े भू-कानून ने प्रदेश में अनावश्यक लैंड बैंक बनाने वालों पर रोक लगाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी कार्य कर रही है। केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम पुनर्निर्माण, मानसखंड मंदिर सर्किट, शारदा कॉरिडोर और गंगा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुरकंडा देवी मंदिर तक अब रोपवे सेवा उपलब्ध है, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिली है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पद्मश्री प्रीतम भरतवाण सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।