टी20 वर्ल्ड कप 2026: ऑस्ट्रेलिया ने घोषित की 15 सदस्यीय टीम, कमिंस और हेजलवुड की वापसी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 1 Jan, 2026 08:25 PMनई दिल्ली | 01 जनवरी 2026
टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय प्रारंभिक टीम की घोषणा कर दी, जिसमें कई अहम खिलाड़ियों की वापसी हुई है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 8 मार्च को खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने उपमहाद्वीप की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए टीम में स्पिन गेंदबाजों को खास तवज्जो दी है।
तेज गेंदबाज पैट कमिंस, जोश हेजलवुड और ऑलराउंडर टिम डेविड की चोट से उबरने के बाद टीम में वापसी हुई है। पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण हाल के समय में सीमित क्रिकेट ही खेल पाए थे, जबकि हेजलवुड एड़ी और हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे थे। टिम डेविड को बिग बैश लीग के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी। चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बैली ने कहा कि टीम का संतुलन भारत और श्रीलंका की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर चुना गया है।
उन्होंने बताया कि कमिंस, हेजलवुड और डेविड की फिटनेस पर लगातार नजर रखी जा रही है और उम्मीद है कि ये तीनों खिलाड़ी विश्व कप तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे। बैली ने यह भी स्पष्ट किया कि यह एक प्रारंभिक स्क्वाड है और जरूरत पड़ने पर आगे इसमें बदलाव किया जा सकता है। टीम की कप्तानी मिचेल मार्श को सौंपी गई है। उनके साथ कैमरन ग्रीन और कूपर कोनोली की भी वापसी हुई है। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी जोश इंग्लिस संभालेंगे।
ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप में ग्रुप बी में रखा गया है और टीम अपने मुकाबले कोलंबो और पल्लेकेले में खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया इससे पहले एक बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुका है और इस बार टीम दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
चयनित खिलाड़ियों में मिचेल मार्श, जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, पैट कमिंस, टिम डेविड, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस और एडम जंपा शामिल हैं।


No Previous Comments found.